Wednesday, August 6, 2025

उत्तर प्रदेश साहित्य सभा के भव्य वार्षिकोत्सव में कवि प्रदीप मायूस को मिला सम्मान

✍️ एनजीओ दर्पण राष्ट्रीय समाचार पत्रिका के लिए शामली से जिला ब्यूरो-चीफ शौकीन सिद्दीकी की विशेष रिपोर्ट

लखनऊ। साहित्यिक सृजन और भाषा की गरिमा को समर्पित उत्तर प्रदेश साहित्य सभा, लखनऊ द्वारा संस्था का वार्षिकोत्सव भव्य समारोह के रूप में राजधानी में आयोजित किया गया। यह अवसर न केवल साहित्य के प्रति समर्पित आत्माओं का मिलन था, बल्कि उनकी साधना और सेवाओं को सम्मानित करने का साक्षी भी बना।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मा0 केशव प्रसाद मौर्य एवं लखनऊ की महापौर मा0 सुषमा खर्कवाल रही। संचालन की जिम्मेदारी देश के सुप्रसिद्ध हास्य-व्यंग्य कवि डॉ. सर्वेश अस्थाना ने अपनी विशिष्ट शैली में निभाई, जिससे समस्त सभागार में हास्य की चहक और साहित्य की गंभीरता का अनुपम संगम देखने को मिला।

देश भर से पधारे हज़ारों साहित्यकारों की उपस्थिति इस कार्यक्रम को विशेष बनाती है। इसी क्रम में शामली जनपद के ख्यातिप्राप्त कवि प्रदीप मायूस की गरिमामयी उपस्थिति और सम्मान विशेष चर्चा का विषय रही। उत्तर प्रदेश साहित्य सभा की शामली इकाई को देश की उन मात्र 6 इकाइयों में स्थान मिला, जिन्हें पूरे वर्ष साहित्यिक गतिविधियों के उत्कृष्ट संचालन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इन उपलब्धियों के पीछे कवि प्रदीप मायूस की अगुवाई में किए गए उत्कृष्ट कार्यक्रमों, सृजनशीलता और सतत साहित्यिक प्रयासों की बड़ी भूमिका रही। उन्हें संस्था द्वारा साहित्यिक सेवा, जन-जागरण और सांस्कृतिक चेतना के विस्तार में दिए गए योगदान के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम से पूर्व दूरदर्शन लखनऊ के ‘वनस्मोर’ कार्यक्रम में कवि प्रदीप मायूस का काव्यपाठ रिकॉर्ड हुआ, जिसे शीघ्र प्रसारित किया जाएगा। यह गौरवमयी क्षण उनकी साहित्यिक यात्रा में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जैसा है। विदित हो कि इससे पूर्व भी उनके काव्यपाठ दूरदर्शन दिल्ली और आकाशवाणी से प्रसारित होते रहे हैं।

इस समारोह में देश के कई वरिष्ठ साहित्यकारों और कवियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही, जिनमें पूर्व सांसद और वरिष्ठ शायर उदय प्रताप सिंह, गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना, कवयित्री डॉ. सोनरूपा शंखधर, डॉ. प्रीति त्रिपाठी, डॉ. अर्जुन सिंह चांद, गीतकार डॉ. राजीव राज, वरिष्ठ कवि गिरधर खरे, बलराम श्रीवास्तव, एवं डॉ. योगेंद्र सुंदरियाल के प्रतिनिधि कवि अजय तोमर प्रमुख रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि डॉ. शिव ओम अंबर ने की।

कवि प्रदीप मायूस को प्राप्त इस सम्मान से न केवल शामली जनपद के साहित्य जगत में हर्ष की लहर है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश की गौरवशाली साहित्यिक परंपरा को भी सुदृढ़ करता है।


📸 रिपोर्ट: शौकीन सिद्दीकी, जिला ब्यूरो-चीफ (शामली)
🎥 कैमरा: रामकुमार चौहान
📰 एनजीओ दर्पण राष्ट्रीय समाचार पत्रिका
🌐 www.ngodarpan.org.in
📧 ngodarpanbharat@gmail.com
📞 8010884848
#ngodarpan #PradeepMayus #UPLiterature #SahityikSamman #KaviSammelan #ShamliNews #DoordarshanPoet #HindiSahitya #उत्तर_प्रदेश_साहित्य_सभा

No comments:

Post a Comment