Friday, June 26, 2026

लायंस क्लब शामली क्राउन की "सम्मान रसोई" ने पूर्ण किए सेवा के दो सफल वर्ष, तृतीय सेवा वर्ष का शुभारंभ उत्साहपूर्वक मनाया गया

शामली : मानव सेवा, सहयोग एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित लायंस क्लब शामली क्राउन द्वारा संचालित "सम्मान रसोई" ने अपनी सतत एवं नि:स्वार्थ सेवा के दो सफल वर्ष पूर्ण कर लिए। इस गौरवपूर्ण अवसर पर सम्मान रसोई परिसर, निकट शिव चौक, शामली में प्रेस वार्ता एवं सेवा वर्ष शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के सम्मानित पत्रकार बंधुओं, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में लायंस क्लब शामली क्राउन के अध्यक्ष लायन गौरव मित्तल (एडवोकेट) ने कहा कि सम्मान रसोई केवल भोजन वितरण का अभियान नहीं, बल्कि मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में क्लब के सभी सदस्यों, दानदाताओं एवं समाज के सहयोग से हजारों जरूरतमंद लोगों तक प्रतिदिन सम्मानपूर्वक भोजन पहुँचाने का कार्य निरंतर किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी यह सेवा अभियान और अधिक व्यापक स्वरूप में समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगा।
सम्मान रसोई के संस्थापक लायन संजय संगल ने अपने संबोधन में कहा कि सम्मान रसोई की स्थापना का उद्देश्य किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को भूखा न रहने देना था। उन्होंने बताया कि यह सेवा पूरी तरह समाज के सहयोग, दानदाताओं के विश्वास तथा स्वयंसेवकों की निष्ठा से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि दो वर्षों की यह यात्रा अनेक चुनौतियों के बावजूद सेवा, समर्पण और सहयोग की भावना के कारण निरंतर सफल रही है तथा भविष्य में भी यह अभियान और अधिक लोगों तक अपनी सेवा पहुँचाने का प्रयास करेगा।
सम्मान रसोई के संयोजक लायन सुमेश मित्तल ने सम्मान रसोई की दो वर्षों की सेवा यात्रा का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रतिदिन जरूरतमंद, असहाय एवं वंचित लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सम्मान रसोई केवल भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सेवा, करुणा और मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। उन्होंने सभी सहयोगियों, दानदाताओं, स्वयंसेवकों तथा पत्रकार बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।
प्रेस वार्ता के दौरान सम्मान रसोई की दो वर्षों की उपलब्धियों, सेवा कार्यों, जनसहयोग तथा आगामी सामाजिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई। पत्रकार बंधुओं ने भी इस सेवा प्रकल्प की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
इसके उपरांत उपस्थित सम्मानित पत्रकार बंधुओं के कर-कमलों द्वारा सम्मान रसोई के तृतीय सेवा वर्ष का विधिवत शुभारंभ कराया गया तथा जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन वितरित किया गया। कार्यक्रम का यह क्षण अत्यंत भावुक एवं प्रेरणादायी रहा, जहाँ सेवा और संवेदनशीलता का अद्भुत संगम देखने को मिला।इस अवसर पर लायंस क्लब शामली क्राउन के पदाधिकारी, सदस्यगण, समाजसेवी, सहयोगी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
लायंस क्लब शामली क्राउन ने इस सेवा अभियान में निरंतर सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, स्वयंसेवकों, पत्रकार बंधुओं एवं नगरवासियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने का आह्वान किया। "एनजीओ दर्पण" राष्ट्रीय समाचार पत्रिका के लिए पत्रकार सुरेन्द्र सिंह निर्वाल की ख़ास रिपोर्ट 
#ngodarpan 
8010884848

No comments:

Post a Comment